कैपारो ग्रुप
पद्माश्री लॉर्ड स्वराज पॉल द्वारा स्थापित समूह
लॉर्ड स्वराज पॉल (बैरन पॉल) भारतीय मूल के एक अत्यंत प्रसिद्ध ब्रिटिश उद्योगपति, राजनीतिज्ञ और परोपकारी व्यक्ति थे जिन्होंने ब्रिटेन में ‘कैपारो ग्रुप’ की स्थापना की। उनका जन्म 18 फरवरी 1931 को पंजाब के जलंधर में हुआ था। उनके पिता प्यारे लाल गांधी जी के स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय थे, जिसके कारण उनका नाम ‘स्वराज’ रखा गया। उनके पिता जलंधर में लोहे की बाल्टियाँ और कृषि उपकरण बनाने का एक छोटी फाउंड्री चलाते थे। बचपन में ही उनकी माता और फिर 13 वर्ष की आयु में उनके पिता का साया सिर से उठ गया। जालंधर के दोआबा कॉलेज से स्नातक की शिक्षा पूरी करके उन्होंने अमेरिका के मैसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (MIT) से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की डिग्री प्राप्त की।
भारत में कुछ समय पारिवारिक व्यवसाय संभालने के बाद, वे 1966 में अपनी दो वर्षीय बेटी अंबिका के ल्यूकेमिया (ब्लड कैंसर) का इलाज कराने के लिए लंदन चले गए। बेटी के इलाज के दौरान उन्होंने ब्रिटेन में गैस ट्यूब और स्टील का व्यापार शुरू किया और 1968 में कैपारो ग्रुप की स्थापना की। अपनी सूझबूझ से उन्होंने घाटे में चल रही कंपनियों को मुनाफे में बदला। जल्द ही कैपारो ग्रुप यूके की सबसे बड़ी निजी स्वामित्व वाली स्टील, इंजीनियरिंग और ऑटोमोटिव कंपोनेंट्स कंपनियों में से एक बन गया और यूके, भारत, यूएसए और कनाडा सहित कई देशों में फैल गया।
उनकी आर्थिक और सामाजिक उपलब्धियों को देखते हुए 1996 में उन्हें ‘लाइफ पीयर’ बनाया गया। वे ‘बैरन पॉल ऑफ मैरीलेबोन’ की उपाधि के साथ ब्रिटिश संसद के उच्च सदन, हाउस ऑफ लॉर्ड्स के सदस्य बने। वे ऐसा सम्मान पाने वाले पहले भारतीय मूल के लोगों में शामिल थे। दिसंबर 2008 में उन्हें हाउस ऑफ लॉर्ड्स का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया और 2009 में वे प्रिवी काउंसिल के सदस्य बने। उन्होंने वर्ष 2000 से 2005 के बीच ‘भारत-ब्रिटेन गोलमेज सम्मेलन’ के सह-अध्यक्ष के रूप में दोनों देशों के राजनयिक और आर्थिक संबंधों को मजबूत करने में बड़ी भूमिका निभाई। वे पूर्व भारतीय प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के भी बेहद करीबी माने जाते थे और उन्होंने उनकी एक जीवनी भी लिखी। भारत सरकार ने उन्हें पद्मश्री से भी सम्मानित किया।
लॉर्ड स्वराज पॉल द्वारा 1968 में स्थापित कैपारो ग्रुप इस्पात, इंजीनियरिंग, ऑटोमोटिव और संपत्ति के क्षेत्र में एक विविध वैश्विक कंपनी है। भारत में समूह का मुख्यालय गुरुग्राम में है, जिसकी 25 से अधिक विनिर्माण इकाइयाँ देश भर में फैली हैं।
कैपारो मारुति लिमिटेड, कैपारो इंजीनियरिंग इंडिया लिमिटेड,
कैपारो पावर लिमिटेड और कैपारो कॉर्पोरेट सर्विसेज, कैपारो फास्टनर्स, कैपारो इंडस्ट्रीज पीएलसी, बुल मूस ट्यूब, कैपारो व्हीकल टेक्नोलॉजीज समूह की कंपनियां हैं।
लाॅर्ड स्वराज पॉल की 21 अगस्त 2025 में मृत्यु हो गई। उनके पुत्र अंगद पॉल कैपरो समूह के सीईओ थे लेकिन नवंबर 2015 में लंदन में उनका भी निधन हो गया। वर्तमान में स्वराज पॉल के दूसरे पुत्र आकाश पॉल कैपारो समूह के अध्यक्ष हैं और उनके पुत्र आरुष पॉल समूह के उपाध्यक्ष और सीईओ हैं।
