विनोद धाम (जन्म 1950) एक प्रसिद्ध भारतीय-अमेरिकी इंजीनियर, उद्यमी (Entrepreneur) और वेंचर कैपिटलिस्ट हैं, जिन्हें दुनिया भर में “पेंटियम चिप का जनक” (Father of the Pentium Chip) कहा जाता है. इंटेल कंपनी में उनके नेतृत्व में ही विश्व प्रसिद्ध ‘पेंटियम माइक्रोप्रोसेसर’ का विकास हुआ था, जिसने पर्सनल कंप्यूटर (PC) क्रांति को जन्म दिया. विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उनके असाधारण योगदान के लिए भारत सरकार ने उन्हें वर्ष 2025 में पद्म भूषण से सम्मानित किया है.
उनका जन्म 1950 में पुणे, महाराष्ट्र में एक पंजाबी परिवार में हुआ था। उन्होंने 1971 में दिल्ली कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में स्नातक किया। 1975 में अमेरिका के सिनसिनाटी विश्वविद्यालय से सॉलिड-स्टेट फिजिक्स में Master of Science की डिग्री प्राप्त की
1979 में विनोद धाम इंटेल कॉर्पोरेशन में शामिल हुए थे.वे इंटेल की पहली फ्लैश मेमोरी तकनीक ETOX के सह-आविष्कारकों में से एक रहे हैं। उन्होंने इंटेल के i486 प्रोसेसर लाइन का प्रबंधन किया और फिर पेंटियम प्रोसेसर (586) परियोजना के प्रभारी और उपाध्यक्ष बने। उनके इस काम ने इंटेल को दुनिया की शीर्ष सेमीकंडक्टर कंपनी बना दिया।
1995 में इंटेल छोड़ने के बाद वे ‘NexGen’ नाम के एक स्टार्टअप से जुड़े जिसे बाद में AMD (Advanced Micro Devices) ने खरीद लिया. वहां उन्होंने K6 प्रोसेसर को लॉन्च करने में अहम भूमिका निभाई।
उन्होंने वर्ष 1998 में वॉयस-ओवर-इंटरनेट (VoIP) चिप बनाने वाली कंपनी ‘सिलिकॉन स्पाइस’ की सह-स्थापना की, जिसे बाद में ब्रॉडकॉम को भारी कीमत पर बेचा गया।
धाम भारत के घरेलू चिप निर्माण के प्रयासों को गति देने के लिए भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के मुख्य सलाहकार के रूप में जुड़े हुए हैं। वे इंडो-यूएस वेंचर पार्टनर्स के संस्थापक प्रबंध निदेशक हैं, जिसके जरिए उन्होंने भारत के उभरते हुए स्टार्टअप इकोसिस्टम में निवेश और मेंटरशिप प्रदान की है। भारत के सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम को मजबूत करने के लिए अप्रैल 2025 में दिल्ली प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में “सेमीकंडक्टर और माइक्रोइलेक्ट्रॉनिक्स के लिए विनोद धाम उत्कृष्टता केंद्र” का उद्घाटन किया गया है, जो युवाओं को ट्रेनिंग और रिसर्च के अवसर प्रदान कर रहा है.
उनके पिता भारतीय सेना में एक असैनिक कर्मचारी थे। वे विभाजन के समय रावलपिंडी से भारत आकर बस गए थे। माता एक गृहणी थीं और उन्होंने ही विनोद धाम को अमेरिका में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया था। उनके तीन भाई और एक बहन हैं। उनके बड़े भाई यूनियन बैंक ऑफ इंडिया से जनरल मैनेजर के रूप में सेवानिवृत्त हुए। दूसरे भाई भारतीय वायु सेना में एक चिकित्सक के पद से सेवानिवृत्त हुए और आर्मड फोर्सेज मेडिकल कॉलेज, पुणे के डीन भी रहे। तीसरे भाई अकाउंटेंट और बहन ने मास्टर्स किया था। उनकी पत्नी साधना से उनके दो बेटे हैं।
तकनीकी दुनिया में उनके अमूल्य योगदान के लिए भारत सरकार ने उन्हें प्रतिष्ठित पद्म भूषण से सम्मानित किया है।
