विकास ओबेरॉय का जन्म 1969 में मुंबई, महाराष्ट्र में रणवीर ओबेरॉय और संतोष ओबेरॉय के घर हुआ था । उनके पिता, रणवीर ओबेरॉय, मुंबई के रियल एस्टेट क्षेत्र में एक प्रमुख व्यक्ति थे।
विकास ने मुंबई के जय हिंद कॉलेज में उच्च शिक्षा प्राप्त की और बाद में प्रतिष्ठित हार्वर्ड बिजनेस स्कूल में दाखिला लिया, जहाँ उन्होंने ओनर/प्रेसिडेंट मैनेजमेंट प्रोग्राम पूरा किया।
विकास रियल एस्टेट व्यवसाय के माहौल में पले-बढ़े और अपनी स्कूली शिक्षा पूरी करने के बाद 1990 के दशक की शुरुआत में अपने पिता के व्यवसाय में शामिल हुए और अंततः कंपनी की बागडोर संभाली। उनके नेतृत्व में, ओबेरॉय रियल्टी लिमिटेड का काफी विस्तार हुआ।
आज विकास ओबेरॉय भारत के एक प्रसिद्ध अरबपति व्यवसायी और ओबेरॉय रियल्टी लिमिटेड के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक हैं। वह मुख्य रूप से मुंबई के रियल एस्टेट बाजार में अपने प्रीमियम और लग्जरी आवासीय व व्यावसायिक प्रोजेक्ट्स के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने ओबेरॉय रियल्टी को भारत के सबसे प्रीमियम ब्रांड्स में पहुंचा दिया है। मुंबई के स्काईलाइन को बदलने में उनका बड़ा योगदान है जिसमें ओबेरॉय गार्डन सिटी और वर्ली में ‘360 वेस्ट’ जैसे बड़े प्रोजेक्ट शामिल हैं। उनकी कंपनी के पास मुंबई में ‘द वेस्टइन’ होटल है और वे शहर में कई अन्य बड़े मॉल और कार्यालयों का निर्माण कर रहे हैं. इसके अलावा वे दिल्ली-एनसीआर (गुरुग्राम) जैसे नए बाजारों में भी विस्तार कर रहे हैं।
अगस्त 2008 में विकास ओबेरॉय की कंपनी ‘ओबेरॉय रियल्टी’ के सामाजिक बुनियादी ढांचे के हिस्से के रूप में ओबेरॉय इंटरनेशनल स्कूल खोलकर शिक्षा के क्षेत्र में भी कदम रखा जो आज मुंबई के सबसे प्रतिष्ठित, आधुनिक और महंगे अंतरराष्ट्रीय स्कूलों में से एक है। इस स्कूल का संचालन ओबेरॉय फाउंडेशन द्वारा किया जाता है जिसकी अध्यक्ष विकास की बहन बिंदु ओबेरॉय हैं।
फोर्ब्स की 2026 की अरबपतियों की सूची के अनुसार, विकास ओबेरॉय की अनुमानित कुल संपत्ति लगभग 5.7 अरब अमेरिकी डॉलर है।
2010 में, विकास ओबेरॉय को इकोनॉमिक टाइम्स एसीटेक अवार्ड्स में ट्रू एंटरप्रेन्योर ऑफ द ईयर अवार्ड मिला। 2018 में, उन्हें एचटी मुंबई रियल एस्टेट अवार्ड्स में बेस्ट सक्सेसर – 2nd जेनरेशन अवार्ड मिला।
विकास ओबेरॉय का विवाह बॉलीवुड की पूर्व अभिनेत्री गायत्री जोशी से हुआ है, जिन्होंने शाहरुख खान अभिनीत प्रसिद्ध फिल्म ‘स्वदेश” में मुख्य अभिनेत्री की भूमिका निभाई थी। उनके दो बच्चे हैं और गायत्री विवाह के बाद से पूरी तरह अपने परिवार और बच्चों की परवरिश में व्यस्त हैं। विकास और गायत्री के दो बेटे हैं, विहान और युवान।
