दिल्ली-एनसीआर स्थित इरोज ग्रुप की शुरुआत 1940 में अविभाजित भारत (लाहौर) में श्री जे.आर. सूद द्वारा की गई थी जो बेहद सामान्य शुरुआत से उठकर भारत के सबसे बड़े रियल एस्टेट और हॉस्पिटैलिटी टाइकून बने। विभाजन के बाद दिल्ली स्थानांतरित हुई इरोस ग्रुप ऑफ कंपनीज भारत की एक अत्यंत प्रतिष्ठित और ऐतिहासिक रियल एस्टेट और इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपर कंपनी है जिसका बहु-आयामी पारिवारिक स्वामित्व और संपत्ति मूल्यांकन ₹12,000 करोड़ ($1.78 बिलियन) से अधिक आंका गया है।
1940 के दशक में मात्र ₹13,000 से व्यापार शुरू करने वाले इरोज ग्रुप की शुरुआत दिल्ली के जंगपुरा में प्रतिष्ठित ‘इरोज सिनेमा’ के अधिग्रहण के साथ हुई थी।
कम्पनी ने 1970 में राजौरी गार्डन, दिल्ली में देश का सबसे बड़ा 70mm स्क्रीन ‘विशाल’ सिनेमा हॉल बनाया। 80 वर्षों के शानदार सफर में कंपनी ने दिल्ली-एनसीआर में 46 से अधिक परियोजनाएं विकसित की हैं।
समूह की प्रमुख आवासीय परियोजनाओं में इरोज गार्डन (सूरजकुंड), चार्मवुड विलेज और लेकवुड सिटी (फरीदाबाद), रोजवुड सिटी (गुरुग्राम) और इरोज संपूर्णम (ग्रेटर नोएडा) शामिल हैं। ‘इरोज संपूर्णम 3’ प्रोजेक्ट में तो आधिकारिक लॉन्च से पहले ही ₹200 करोड़ से अधिक की इन्वेंट्री बिक गई। लगभग ₹400 करोड़ के इस प्रोजेक्ट से समूह को ₹900 करोड़ के राजस्व की उम्मीद है।
कंपनी के पास नेहरू प्लेस में ‘इंटरकॉन्टिनेंटल इरोज़’, मयूर विहार में ‘क्राउन प्लाजा’ और कनॉट प्लेस में ‘शांग्री-ला इरोज’ 5-स्टार होटल हैं। समूह ने अंतरराष्ट्रीय स्तर के लक्जरी होटलों के लिए IHG होटल्स एंड रिसॉर्ट्स के साथ साझेदारी की है।
इसके अतिरिक्त वाणिज्यिक संपत्तियों में नेहरू प्लेस, दिल्ली में ‘इरोस कॉर्पोरेट टावर’ और ‘इंटरनेशनल ट्रेड टॉवर’ जैसे प्रीमियम ऑफिस स्पेस का विकास किया है।
मनोरंजन और रिटेल व्यावसाय क्षेत्र में कम्पनी अत्याधुनिक शॉपिंग मॉल्स और मल्टीप्लेक्स सिनेमा हॉलों का निर्माण और संचालन कर रही है।
पिछले 80 से अधिक वर्षों की अपनी समृद्ध विरासत के साथ, कंपनी ने दिल्ली-एनसीआर (दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गुरुग्राम) क्षेत्र के विकास में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
इस समूह के विकास में श्री जगदीश राय सूद यानी जे.आर. सूद की अहम भूमिका रही है जिनका मानना था कि “धीरे-धीरे और लगातार चलने वाला ही सफलता की राह है” अर्थात् क्रमिक और निरंतर विकास ही हर सफल उद्यम की नींव है। अप्रैल 2020 में 94 वर्ष की आयु में उनके निधन के बाद से उनका परिवार इस विशाल पारिवारिक व्यवसाय को इसी आधार पर सफलतापूर्वक संचालित कर रहा है।
जगदीश राय सूद के तीन सुपुत्र सतीश कुमार सूद, रमन कुमार सूद और अजय कुमार सूद हैं। सतीश कुमार सूद समूह के हॉस्पिटैलिटी डिवीजन (Nehru Place Hotels Ltd) के प्रबंध निदेशक के रूप में कंपनी का कामकाज संभालते हैं। दूसरे पुत्र रमन कुमार सूद समूह के प्रबंध निदेशक के तौर पर कंपनी के विस्तृत कार्यों और संचालन की जिम्मेदारी संभालते हैं। अजय कुमार सूद, अजय एंटरप्राइज के प्रबंध निदेशक हैं और मुख्य रूप से मनोरंजन प्रभाग का कार्यभार संभालते हैं।
सतीश कुमार सूद के परिवार के सदस्यों में सुमंत सूद हैं जो समूह की Eros Grand Resorts में प्रबंध निदेशक व डायरेक्टर पद की जिम्मेदारी संभालते हैं।
रमन कुमार सूद के पुत्रों में अवनीश सूद समूह के डायरेक्टर के रूप में एचएसआईटी, रियल एस्टेट और सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे कार्यभार संभालते हैं तथा छोटे पुत्र प्रशांत राय सूद भी समूह की गतिविधियों से जुड़े हैं।
अजय कुमार सूद के साथ समूह के अन्य निदेशक के रूप में उनके पुत्र अक्षय सूद और वैभव सूद कॉर्पोरेट नेतृत्व व संचालन की जिम्मेदारी संभालते हैं।
