भारतीय जनसंघ के पुरोधा और भाजपा हरियाणा के सूत्रधार, पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं सात बार रोहतक विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहे स्वर्गीय डॉ. मंगल सेन जी को उनकी जयंती पर सादर नमन। मंगल सेन जी न केवल हरियाणा की राजनीति के एक प्रमुख स्तंभ थे अपितु जनसंघ भाजपा संगठन के सच्चे सिपाही और मां भारती के अनन्य उपासक भी थे।
डॉ. मंगल सेन जी का जन्म 27 अक्टूबर 1927 को अविभाजित भारत के सरगोधा जिले के झांवरिया गांव के एक साधारण किसान परिवार में साईंदित्ता मल और शांति देवी के घर हुआ था। वे चार भाई थे। विभाजन पश्चात उनका परिवार कुछ समय के लिए म्यांमार वर्मा चला गया लेकिन वापस जालंधर आ गए। बाल्य काल में वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संपर्क में आए और उन्होंने आजीवन अविवाहित रहने का संकल्प करते हुए संघ का प्रचारक बनकर अपना जीवन को राष्ट्र को समर्पित कर दिया।
भारतीय जनसंघ की स्थापना के साथ ही वे उससे जुड़ गए और रोहतक से अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत की। 1957 में पहली बार रोहतक से जनसंघ की टिकट पर चुनाव लड़ा। 1977 में वे हरियाणा मंत्रिमंडल में उद्योग व शिक्षा मंत्री, 1982 में गृहमंत्री तथा 1987 में उपमुख्यमंत्री बने। शिक्षा के क्षेत्र में अपने हिंदू कॉलेज की स्थापना की जिसके हरियाणा के अनेक स्थानों में शाखाएं हैं।
और उनके जीवन का हर पल समाज की अंतिम सीढ़ी पर खड़े व्यक्ति की सेवा में समर्पित रहा। 1977 से 1979 तक हरियाणा के उप-मुख्यमंत्री के रूप में उनका समर्पण, संगठन के प्रति निष्ठा और जनसेवा का संकल्प सदैव हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।
2 दिसंबर 1990 को दिल्ली में उनका देहांत हुआ।
