जम्मू में राष्ट्रीय सुरक्षा पर मंथन : तीन दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक संपन्न, श्रीगंगानगर–हनुमानगढ़ चैप्टर से गिरीश चावला व एडवोकेट रविंद्र मोदी भी हुए शामिल
राष्ट्रीय सुरक्षा जागरण मंच की तीन दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी वार्षिक बैठक 01 मई से 03 मई तक जम्मू में भव्य रूप से आयोजित की गई. देशभर से आए नीति-निर्माताओं, सुरक्षा विशेषज्ञों, सैन्य अधिकारियों और विचारकों की उपस्थिति में राष्ट्रीय सुरक्षा के विभिन्न आयामों पर गहन विचार-विमर्श किया गया. इस महत्वपूर्ण बैठक में श्रीगंगानगर–हनुमानगढ़ चैप्टर का प्रतिनिधित्व करते हुए संरक्षक एवं राष्ट्रीय सचिव गिरीश चावला तथा अध्यक्ष एडवोकेट रविंद्र मोदी ने सक्रिय सहभागिता निभाई. दोनों प्रतिनिधियों को मंच के शीर्ष नेतृत्व के साथ विचार साझा करने और क्षेत्रीय गतिविधियों को प्रस्तुत करने का अवसर प्राप्त हुआ.
बैठक को मार्गदर्शन प्रदान करने हेतु राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य डॉ. इंद्रेश कुमार, राष्ट्रीय संचालन समिति के सदस्य गोलोक बिहारी राय, कार्यकारी अध्यक्ष एवं पूर्व चेयरमैन (अल्पसंख्यक आयोग) जसबीर सिंह तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष लेफ्टिनेंट जनरल के. एस. लांबा विशेष रूप से उपस्थित रहे. इनके विचारों ने राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति जागरूकता और रणनीतिक दृष्टिकोण को नई दिशा दी.
इसके अलावा अरुणाचल प्रदेश के गृह मंत्री मामा नाटुंग, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री विक्रमादित्य सिंह, पूर्व महानिरीक्षक सीआरपीएफ गिरीश चावला, विधायक मोहन लाल भगत और विधायक देवयानी राणा सहित देश के विभिन्न हिस्सों से आए विशेषज्ञों ने अपने अनुभव और सुझाव साझा किए। बैठक में सुरक्षा चुनौतियों, आंतरिक एवं बाहरी खतरों, तथा सामाजिक जागरूकता के महत्व पर विस्तार से चर्चा हुई.
विशेष रूप से यह निर्णय लिया गया कि देश के विभिन्न क्षेत्रों में राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता अभियान को व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा, ताकि आम नागरिक भी इस महत्वपूर्ण विषय से जुड़ सकें. श्रीगंगानगर–हनुमानगढ़ चैप्टर के अध्यक्ष एडवोकेट रविंद्र मोदी और कोषाध्यक्ष लाजपत खुराना ने अपने क्षेत्र में किए गए कार्यों और भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए संगठन की सक्रियता को रेखांकित किया.
उल्लेखनीय है कि गिरीश चावला, जिनका जन्म डबली राठान में हुआ, वर्ष 1987 में सी.पी.ओ. बैच में ऑल इंडिया यूपीएससी टॉपर रहे हैं. उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें भारत के राष्ट्रपति द्वारा राष्ट्रपति पुलिस पदक, भारतीय सेना द्वारा ऑपरेशन विजय पदक, संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा यू.एन. सर्विस मेडल और अमेरिकी सेना द्वारा आर्मी अचीवमेंट मेडल से सम्मानित किया जा चुका है। देश में वे ऐसे अद्वितीय व्यक्तित्व हैं जिन्हें ये चारों प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त हुए हैं. यह बैठक न केवल राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक बनी, बल्कि देशभर में जागरूकता और समन्वय को नई ऊर्जा देने का महत्वपूर्ण मंच भी सिद्ध हुई.
